पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सामुदायिक केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 55 लोगों ने रक्तदान किया। पंचकूला सेक्टर-6 ब्लड बैंक के डॉक्टरों की टीम ने डॉ. सीमा घई के नेतृत्व में लोगों का रक्त एकत्रित किया।
यह शिविर भारत विकास परिषद, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला व जिला रेडक्रॉस सोसायटी पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्घाटन अंबाला-पंचकूला के आयुक्त आरसी मिश्रा ने किया। इस मौके पर आरसी मिश्रा ने भारत विकास परिषद, स्टेट बैंक आफ पटियाला तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से जो रक्त एकत्रित होता है, उससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस मौसम में पौधरोपण अवश्य करें ताकि पर्यावरण को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सके। इस दौरान ड्रग नियंत्रक नरेंद्र आहुजा, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के जोनल महाप्रबंधक, जिला प्रशिक्षण अधिकारी रमेश चौधरी सहित भारत विकास परिषद प्रयास संस्था और स्टेट बैंक आफ पटियाला के पदाधिकारी मौजूद रहे।