नगर निगम चुनाव में अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने का आरोप, निर्दलीयों को समर्थन देने पर जिला संगठन ने दिखाई सख्ती
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नगर निगम चुनाव-2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के भीतर अनुशासनहीनता और भीतरघात के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने पूर्व पार्षद समेत पांच सक्रिय सदस्यों को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने प्रदेश नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद यह कार्रवाई की। निष्कासित किए गए नेताओं में वार्ड-3 से वीनू राव, वार्ड-12 से ओमवती पुनिया और सुखबीर पुनिया, तथा वार्ड-7 से भानु प्रताप और जसबीर बिड़लान उर्फ जस्सी शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि ये सदस्य नगर निगम चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम कर रहे थे और निर्दलीय उम्मीदवारों को समर्थन दे रहे थे। पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना है।
चुनाव से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को भाजपा का कड़ा संदेश माना जा रहा है। संगठन ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों या भीतरघात को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और संगठित पार्टी है, जहां संगठन हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी के खिलाफ काम करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी नेतृत्व के निर्णयों का सम्मान करें और अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में कार्य करें। इस कार्रवाई के बाद वार्ड-3, 7 और 12 के चुनावी समीकरणों में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।