मोरनी। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा मोरनी मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधायक लतिका शर्मा के नेतृत्व में सीएम मनोहरलाल से मिला। मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने क्षेत्र में पेट्रोल पंप, मोबाइल नेटवर्क की समस्या के समाधान और अन्य जरूरी कामों को पूरा करवाने के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि सीएम की घोषणा के बाद भी सालों से कई घोषणाओं पर अमल नहीं हुआ है। कई काम तो पांच साल से अटके पड़े हैं।
वन विभाग के अधिकारी अटका रहे रोड़ा
भाजपा नेता पवन धीमान ने मुख्यमंत्री को सौंपे मांगपत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूरा करवाने में वन विभाग रोड़ा अटका रहा है। फील्ड कर्मचारियों से लेकर उच्च अधिकारी काम को लटकाने का काम कर रहे हैं। इससे मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद भी लोगों को लाभ नही मिल रहा है। पोलिंग बूथ तक बनने वाली छह सड़कों, आरसीसी डैैम बनवाने के लिए अपनी मांग रखी है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द कार्य पूरा करवाकर हल करवाने के आदेश दिए।
टिक्कर ताल में जू बनाने की मांग
टिक्कर ताल में स्थित पौंटा पंचायत के सरपंच धर्मपाल शर्मा ने पर्यटन को बढ़ाने के लिए शुरू की गई योजनाओं की सराहना कर जू का निर्माण करवाने की मांग रखी है। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग के साथ जू से यहां पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ उन्होंने टिक्कर ताल से पंचकूला तक सड़कों के किनारों पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग भी रखी।