बरवाला। बेड़ा लिंक सड़क मार्ग पर मजदूर से 12 हजार रुपये और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। भोला ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। रविवार शाम को अपने काम से छुट्टी कर साइकिल से बेड़ा लिंक सड़क मार्ग से बरवाला की तरफ जा रहा था।
बरवाला की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे तीन युवकों ने उसको रोक लिया। उन लोगों ने उससे बीड़ी पिलाने को कहा। बीड़ी नहीं मिलने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर लुटेरों ने चाकू दिखाकर उसका मोबाइल और जेब से 12 हजार रुपये लूट लिए। भोलाराम ने बताया कि उसके पास मजदूरी के रुपये थे। मामले की सूचना बरवाला पुलिस चौकी में दी गई। बरवाला पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। बरवाला चौकी इंचार्ज युद्धवीर सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटना की जांच में जुटी है।