पीछे बैठा युवक गंभीर घायल, सेक्टर-11 की ओर से जाने के बजाय सेक्टर-19 की ओर चले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-19 अंडरपास में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान शिवजी राम निवासी सूरजपुर, पिंजौर के रूप में हुई है जबकि घायल अक्षय निवासी गांव कुंडी बताया गया है।
दोनों युवक सोमवार देर रात सेक्टर-5 में किसी कार्य से आए थे। इसके बाद शिवजी अपने दोस्त अक्षय को छोड़ने के लिए कुंडी गांव की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ता भटकने के कारण वे सेक्टर-11 की ओर जाने के बजाय सेक्टर-19 अंडरपास की तरफ पहुंच गए। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन साइड की दीवार से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवजी को मृत घोषित कर दिया। अक्षय का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।