चंडीगढ़। हिसार इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे के ट्रायल के लिए 12 दिसंबर को बड़ा हवाई जहाज उतरेगा। रनवे के निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। चौटाला खुद उड्डयन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ हिसार में 18 सीटों वाले डोर्नियर जहाज से आएंगे और रनवे का निरीक्षण करेंगे। दुष्यंत ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट से अन्य राज्यों से हवाई सेवाएं शुरू करने की दिशा में तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। एयरपोर्ट से संबंधित सभी कार्य समय पर पूरे हो, इसके लिए समय-समय पर समीक्षा की जा रही है। हिसार हवाई अड्डे का तेजी से निर्माण करने के साथ-साथ हिसार को हरियाणा के सबसे बड़े मैनुफेक्चरिंग क्लस्टर के तौर पर तैयार किया जाएगा। हिसार में महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने से हिसार में उन्नति के नए द्वार खुलेंगे और हिसार के साथ-साथ प्रदेश के लोगों को इसका पूरा लाभ मिलेगा। एयरपोर्ट के रनवे का काम मार्च 2023 तक पूरा होगा। हिसार में बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हों, इसके लिए हिसार में 3000 हेक्टेयर में केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर इंटीग्रेटेड मैन्युफेक्चरिंग क्लस्टर की योजना बना रही है। जल्दी इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठक होगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि बैठक में केंद्र और प्रदेश के बीच एक अहम समझौता भी होगा, क्योंकि यह मैन्युफेक्चरिंग क्लस्टर दोनों सरकारों के ज्वाइंट वेंचर में स्थापित किया जाएगा। इस कदम से औद्योगिक विकास में तेजी आएगी।