साइबर ठग ई-चालान के नाम पर कर रहे ठगी, केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही भुगतान करें
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील करते हुए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, ठग ई-चालान के नाम पर फर्जी एसएमएस और व्हाट्सऐप संदेश भेजकर लोगों को तुरंत ऑनलाइन भुगतान करने के लिए दबाव डाल रहे हैं।
संदेशों में भेजा गया लिंक देखने में सरकारी वेबसाइट जैसा प्रतीत होता है, लेकिन पूरी तरह फर्जी होता है। यदि कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक कर बैंक या कार्ड की जानकारी दर्ज करता है, तो उसके खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ई-चालान से संबंधित कोई आधिकारिक संदेश व्यक्तिगत मोबाइल नंबर से नहीं भेजा जाता।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक ने कहा कि डिजिटल युग में अपराधी लोगों की जल्दबाजी और असावधानी का फायदा उठा रहे हैं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और ऐसे संदेश मिलने पर संबंधित नंबर को तुरंत ब्लॉक कर पुलिस या साइबर क्राइम हेल्पलाइन को सूचना दें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और इस तरह की साइबर ठगी से बचाव के लिए अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।