संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-8 निवासी व्यापारी को आईपीओएस में निवेश कर लाभ कमाने करने का झांसा देकर 62 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-12 साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-8 निवासी राकेश भारद्वाज ने पुलिस को बताया कि उनका मनीमाजरा में अपना कारोबार है। 24 दिसंबर 2023 को उनके मोबाइल पर एक लिंक आया। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो एक एप इंस्टाल हो गई। एप का नाम पीटी वीसी था।
कंपनी का नाम पेंथियन वेंचर्स था। ग्रुप के एडमिन के कई नंबर नजर आ रहे थे। वे भी इस ग्रुप में शामिल हो गए। ग्रुप में शेयर मार्केट से जुड़ी जानकारी और सुझाव दिए गए थे। इसी दौरान ग्रुप में मैसेज आया कि यह कंपनी विदेशी निवेश का प्रतिनिधित्व कर रही है। उसको आईपीओएस में निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।
राकेश भारद्वाज से कहा गया कि इसमें बिना रुपये लगाए आईपीओएस खरीदें। उन्होंने आईपीओएस के लिए आवेदन कर दिया और उन्हें 33 लॉट अलॉट हो गया। इसकी कीमत 46 लाख 20 हजार थी। शिकायतकर्ता ने 8 जनवरी को 50 हजार रुपये अपने अकाउंट से जमा करवा दिए। इसी तरह 10 जनवरी को 50 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद उन्होंने एप के जरिए 50 हजार रुपये निकाले तो उसको विश्वास हो गया कि उनके रुपये सही जगह निवेश हुए हैं।
इसके बाद शिकायतकर्ता लगातार रुपये जमा करवाते रहा। शिकायतकर्ता ने 62 लाख 30 हजार 560 रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद उन्हें बताया गया कि एक नया आईपीओएस आ रहा है। इसमें आपको लाभ होगा। शिकायतकर्ता ने कहा कि मेरे पास अब रुपये नहीं हैं। मेरे रुपये वापस किए जाए। इस पर आरोपियों ने उन्हें ग्रुप से बाहर कर एप भी बंद कर दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। एसएचओ साइबर थाना राकेश कुमार का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। खातों की जांच कर रहे हैं।