बरवाला। कस्बा बरवाला में बस स्टैंड के अंदर और बाहर लगी सभी लाइटें कई माह से खराब पड़ी हैं, जिसके चलते शाम ढलते ही बस स्टैंड पर अंधेरे का छा जाता है। इससे यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा वासी राजू, अजैब सिंह, मनमोहन सिंह, बुधराम, रोहित और अश्वनी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा बस स्टैंड पर लगाई गई लाइटें करीब दो माह से खराब पड़ी हैं। इस कारण पूरे बस स्टैंड पर शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। बस स्टैंड पर अंधेरा होने के कारण यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे बस स्टैंड पर चोरी, महिला यात्रियों से छेड़छाड़ आदि घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है। लोगों को डर सता रहा है कि कहीं उनके साथ कोई अनहोनी ना हो जाए। अभी हाल ही में बस स्टैंड के पास से गुजर रही एक युवती से अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक पर सवार दो युवक उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे जबकि बरवाला बस स्टैंड पर पंचकूला, चंडीगढ़, शहजादपुर, नारायणगढ,़ डेराबस्सी व अंबाला जाने वाले यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कई बार परिवहन विभाग के अधिकारियों से बस स्टैंड पर लगी लाइटों को ठीक करवाने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन आज तक विभाग की तरफ से बस स्टैंड पर लगी लाइटों को ठीक नहीं करवाया गया है। इसके चलते यात्रियों और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, इस समस्या के बारे में जब परिवहन विभाग के बिल्डिंग क्लर्क रतनलाल जांगड़ा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास यात्रियों और लोगों द्वारा बस स्टैंड पर लगी स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की शिकायत मिली है। जल्द ही बिजली कर्मचारियों द्वारा बस स्टैंड पर लगी सभी लाइटों को ठीक करवा दिया जाएगा।