28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल, मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर एसबीआई एओ भवन के बाहर अधिकारियों-कर्मचारियों ने की नारेबाजी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का एलान किया गया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। यूएफबीयू के अनुसार करीब आठ लाख बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे।
बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक के सेक्टर-5 स्थित एओ भवन के बाहर 300 से अधिक बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग उठाई। एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के डीजीएस प्रेम पवार ने कहा कि अभी दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। यूनियन शेष शनिवार को भी अवकाश घोषित करने की मांग कर रही है। उन्होंने बताया कि भारतीय बैंक संघ और यूएफबीयू के बीच दिसंबर 2023 में समझौता ज्ञापन और मार्च 2024 में समझौता हुआ था, लेकिन सरकार की मंजूरी लंबित है। प्रदर्शन में विनोद राणा, चेतन शर्मा, शिखा अरोड़ा, निर्मल सेतिया, नवदीप बंसल, पूजा पॉल, आकाश मेहंदीरत्ता, विशारद, रविंदर चौहान, रिजवान अंसारी, प्रीति ठाकुर, कविता और रजत सुखीजा मौजूद रहे।