पार्कों में खेलने पर पाबंदी, मोबाइल में सिमट रहा बचपन
60 फीसदी पार्कों में बच्चों के खेलने पर रोक हरियाली बचाने के नाम पर पहरा, अस्पताल में रोज पहुंच रहे मोबाइल की लत से परेशान तीन बच्चे
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर के करीब 60 फीसदी पार्कों में बच्चों के खेलने पर पाबंदी है। पार्क डेवलपमेंट सोसाइटियां घास और पौधों को नुकसान का हवाला देकर उन्हें रोक रही हैं। ऐसे में पार्कों में दौड़ने-कूदने के बजाय बच्चे घरों में मोबाइल की स्क्रीन तक सिमट रहे हैं। हिंसक गेम और वीडियो का असर उनके व्यवहार पर दिख रहा है। चिड़चिड़ापन, गुस्सा और आक्रामकता बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल के डॉ. एमपी शर्मा के अनुसार, मोबाइल की लत से मानसिक परेशानी और डिप्रेशन के करीब तीन बच्चे रोज अस्पताल पहुंच रहे हैं। कुछ मामलों में बच्चों ने पार्क में खेलने से रोकने पर कार के शीशे तक तोड़ दिए।
पार्कों से दूरी बच्चों की शारीरिक गतिविधियों और आपसी मेलजोल को भी घटा रही है। खेल के दौरान वे सहयोग, अनुशासन और हार-जीत स्वीकार करना सीखते हैं, लेकिन मोबाइल तक सीमित रहने से ये अनुभव छूट रहे हैं।
हरियाली बचाने के नाम पर बच्चों को पार्कों से दूर करना समाधान नहीं है। उनके लिए अलग खेल क्षेत्र या खेलने का समय तय किया जा सकता है। जरूरी है कि पार्कों में बच्चों को खेलने की जगह मिले, ताकि बचपन मोबाइल की स्क्रीन में कैद न हो।