आतंकी रिंदा के नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप, चार साल पांच महीने से जेल में बंद है परमिंदर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार और विस्फोटक मंगवाने के मामले में जेल में बंद परमिंदर सिंह उर्फ पिंदर को पंचकूला की विशेष एनआईए अदालत से राहत नहीं मिली। अदालत ने उसकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के नेटवर्क से जुड़े होने और हथियारों की खेप आगे पहुंचाने में मदद करने के आरोप हैं। अदालत ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और यूएपीए के प्रावधानों को देखते हुए जमानत देने का आधार नहीं पाया।
बस्तारा टोल प्लाजा पर पकड़ी गई थी इनोवा
एनआईए के मुताबिक, 5 मई 2022 को मधुबन के बस्तारा टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक इनोवा कार को रोककर तलाशी ली थी। कार से तीन आईईडी, एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 31 कारतूस, छह मोबाइल फोन और 1.30 लाख रुपये बरामद हुए थे। उस समय कार में परमिंदर सिंह समेत चार लोग सवार थे। बाद में गृह मंत्रालय के आदेश पर मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, पाकिस्तान में मौजूद आतंकी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा ड्रोन के जरिए भारत में हथियार और विस्फोटक भेजता था। परमिंदर पर इस नेटवर्क के संपर्क में रहकर हथियारों की खेप आगे पहुंचाने, अन्य लोगों को संगठन से जोड़ने और सीमा क्षेत्र में हथियारों की डिलीवरी के लिए नए ठिकाने तलाशने के आरोप हैं।
164 गवाहों में से 72 की हो चुकी गवाही
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपी चार साल पांच महीने से जेल में बंद है। इसी मामले में सह-आरोपी सुखबीर सिंह उर्फ जशन को जमानत मिल चुकी है।
वहीं, एनआईए ने जमानत का विरोध करते हुए अदालत को बताया कि मामले में कुल 164 गवाह हैं, जिनमें से 72 की गवाही पूरी हो चुकी है। शेष गवाहों की गवाही अभी बाकी है। एजेंसी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ सात अन्य मामले दर्ज हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष अदालत ने परमिंदर सिंह की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी।