पंचकूला। मोहाली में एक फाइनेंसर की हत्या की साजिश के तहत रेकी करने के मामले में गिरफ्तार बिश्नोई गैंग के सदस्य सम्राट सिंह को अदालत से राहत नहीं मिली। अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। पुलिस ने सितंबर 2026 में उसे अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था।
सेक्टर-17 की राजीव कालोनी निवासी 23 वर्षीय सम्राट सिंह के खिलाफ सेक्टर-14 थाना पुलिस ने 18 सितंबर 2026 को आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियार रखता है और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें डालकर लोगों में दहशत फैलाता है। इसके बाद पुलिस ने उसे सेक्टर-15 स्थित बूथ मार्केट के खाली मैदान से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ था।
फाइनेंसर को बनाया था निशाना
पुलिस पूछताछ में सम्राट सिंह ने अरजू बिश्नोई गैंग के लिए काम करने और अपने साथियों के साथ मोहाली में एक फाइनेंसर की हत्या के लिए रेकी करने की बात बताई थी। पुलिस के अनुसार यह गतिविधि गैंग के इशारे पर की गई थी। मामले में हथियार सप्लायर आशीष और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी बाकी है।
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से हथियारों के साथ कई तस्वीरें मिली हैं। सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी गंभीर अपराध में शामिल है और बाहर आने पर गवाहों को प्रभावित या धमका सकता है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी।