चंडीगढ़। फाजिल्का के जिला प्रशासन की तरफ से सभी प्राइमरी स्कूलों में बैग फ्री डे की शुरुआत की गई है। इसके तहत महीने के हर अंतिम शनिवार को स्कूल में विद्यार्थियों को बैग नहीं लाना होगा। प्रशासन ने बच्चों को तनाव मुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए ही ये फैसला लिया है। फाजिल्का के जिला शिक्षा अधिकारी शिव पाल ने बताया कि बैग फ्री डे के दिन नियमित कक्षाएं नहीं लगेंगी और अन्य गतिविधियां करवाई जाएंगी। इसमें कहानी सुनाना, योग व कक्षा में चर्चा आदि शामिल हैं। बच्चों में कौशल को बढ़ाना और समग्र विकास के लिए ही ये फैसला लिया गया है। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए भी गतिविधियां आयोजित होंगी। उनको टीम वर्क के तौर पर काम करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
फाजिल्का के डिप्टी कमिश्नर सेनु दुग्गल ने बताया कि यह पहल कुछ दिन पहले अबोहर के सरकारी प्राइमरी स्कूल एकता कॉलोनी में शुरू की गई थी। यह कार्यक्रम बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी वरदान साबित होगा। जिला प्रशासन बच्चों के लिए पाठ्यपुस्तकों से हटकर एक समग्र शिक्षा दृष्टिकोण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। फाजिल्का में 468 प्राइमरी स्कूल हैं, जिनमें लगभग 72,000 विद्यार्थी हैं।