पंचकूला। सेक्टर-20 के कम्युनिटी सेंटर के पास बैडमिंटन-कम-मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। इसमें घटिया सामग्री के साथ पीली ईंटों का प्रयोग भी धड़ल्ले से किया जा रहा है। स्थानीय आरडब्ल्यूए का आरोप है कि पूरी बिल्डिंग की दीवारों में दोनों तरह की ईंटों का प्रयोग किया गया है, ताकि बाहर से देखने वालों को पता न चल सके।
आरडब्ल्यूए ने पूरी बिल्डिंग में प्रयोग की गई सामग्री की सैंपलिंग कर जांच की मांग की है। अमर उजाला की टीम सोमवार को मौके पर पहुंची तो निर्माणाधीन बिल्डिंग के पीछे पीली ईंटों का ढेर लगा मिला। बिल्डिंग के निर्माण में दो तरह की ईंटों को प्रयोग किया जा रहा है। इनमें पीली ईंटों की संख्या ज्यादा है। मामले की भनक जैसे ही ठेकेदार और उसके कारिंदों को लगी, सभी सतर्क हो गए।
मई 2025 तक बिल्डिंग का काम पूरा करने का है लक्ष्य
एक करोड़ की लागत से डेढ़ मंजिल बैडमिंटन-कम-मल्टीपर्पज हॉल को मई 2025 तक पूरा करना है। करीब छह माह पहले प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ है। यह बिल्डिंग सेक्टर के 115 सोसाइटियों सहित तीन गांवों फतेहपुर, छोटी और बड़ी कुंडी के करीब 40 से 50 हजार लोगों के लिए 15/40 मीटर में तैयार किया जा रहा है। इसकी दीवारें खड़ी की जा चुकी हैं। इसका लेंटर भी डाला गया है। अभी इसके ऊपरी मंजिल पर पिलर के साथ दीवार बनाया जाना है। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों का कहना है कि आगे जो निर्माण किया जाएगा, उसमें भी पीली ईंट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सेक्टर-20 में बैडमिंटन-कम-मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण चल रहा है। उसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अभी शहर में नहीं हूं। पंचकूला पहुंचते ही जांच के बाद मामले की शिकायत नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को दूंगा। -सुशील गर्ग, पार्षद, वार्ड नंबर-7, नगर निगम पंचकूला।
बैडमिंटन-कम-मल्टीपर्पज हॉल के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें दो तरह की पीली ईंट के साथ मिक्स ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। बिल्डिंग सामग्री के सैंपल लेकर जांच की जानी चाहिए। - योगेंदर क्वात्रा, उप प्रधान आरडब्ल्यूए, सेक्टर-20 पंचकूला।
सेक्टर-20 के कम्युनिटी सेंटर के पास बैडमिंटन-कम-मल्टीपर्पज हॉल के निर्माण में अच्छे सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। पीली ईंट मौके पर कैसे और किस काम के लिए लाया गया है, जांच के बाद ही बता पाऊंगा। - जानकी प्रसाद, जेई नगर निगम पंचकूला।