6 और 7 जून को दो दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम, देशभर से होंगे श्रद्धालु शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में 6 और 7 जून को बाबा श्री बालाजी महाराज का भव्य एवं चमत्कारी दिव्य दरबार आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम बाला सुंदरी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होगा।
आयोजन से पहले सेक्टर-21 स्थित कम्युनिटी सेंटर में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा, पार्किंग, बैठक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समाजसेवी और कई पार्षदों ने भाग लिया।
समिति ने सेवादारों की अलग-अलग टोलियां बनाकर उन्हें पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने और लंगर सेवा जैसी जिम्मेदारियां सौंपीं।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस दिव्य दरबार के मुख्य आकर्षण श्री बालाजी धाम हांसी के महंत श्री दिनेश पुरी जी महाराज होंगे। बाबा जी अपने ओजस्वी प्रवचनों, भजनों और दिव्य शक्तियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करेंगे।