रोकने का इशारा करने पर चालक ने बढ़ाई रफ्तार, गाड़ी समेत मौके से फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। खेड़ा-चंडीगढ़ मार्ग स्थित वन विभाग की चेक पोस्ट पर तैनात वन कर्मियों को कुचलने की कोशिश की गई। वाहन चालक ने रुकने के इशारे के बावजूद गाड़ी तेज कर दी, जिससे कर्मियों ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात प्रेमपुर चेक पोस्ट पर वन दरोगा सुरजीत सिंह और वन रक्षक ज्ञानदेव ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब डेढ़ बजे प्रेमपुर की ओर से आ रही गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय रफ्तार बढ़ाते हुए कर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया।
स्थिति को भांपते हुए दोनों कर्मियों ने पीछे की ओर छलांग लगाकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद आरोपी चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। वन विभाग के अधिकारियों ने मामले में पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।