पंचकूला। सराफ संदीप वर्मा पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश पुलिस की तीन टीमें 72 घंटे बाद भी नहीं कर सकी हैं। पुलिस की तरफ से शहर के सेक्टरों और गांवों में दबिश देने के बाद आरोपियों की तलाश के लिए अब लोगों से आरोपियों की पहचान बताने की अपील की गई है। पंचकूला डीसीपी मोहित हांडा ने लोगों से अपील कर कहा है कि सराफ संदीप वर्मा पर हमला करने वाले आरोपियों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसलिए उन्होंने सेक्टर-19, 26 क्राइम ब्रांच और पंचकूला डिटेक्टिव स्टाफ के नंबर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लुटेरों की सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। वहीं पुलिस की ओर से लगातार लुटेरों की तलाश जारी है। आरोपी सेक्टर-8 में वारदात को अंजाम देने के बाद सेक्टर-15 रविदास चौक के पास आए थे। इसके बाद वह भाग गए।
18 सितंबर को सेक्टर-8 स्थित मां लक्ष्मी ज्वैलर्स की दुकान में शनिवार को दिनदहाड़े तीन लुटेरों ने संदीप वर्मा को गन प्वाइंट पर लेकर उन पर हमला कर दिया था। हमले में संदीप वर्मा घायल हो गए थे। घायल होने के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। इसके बाद भी अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आए हैं। आरोपियों ने संदीप वर्मा पर लूट के इरादे से हमला किया था। पुलिस की ओर से क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 का मोबाइल नंबर 9115777026, क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 का मोबाइल नंबर 8146630012 और पंचकूला डिटेक्टिव स्टाफ का मोबाइल नंबर 8146630020 नंबर जारी किया है।
पुलिस की जांच जारी है। अगर लोग आरोपियों की पहचान कर पाएं तो वह पुलिस के नंबरों पर जानकारी दे सकते हैं। उनकी सूचना गुप्त रखी जाएगी। मोहित हांडा, डीसीपी पंचकूला।