पंचकूला। गांव अभयपुर में एक प्राइवेट कंपनी के एटीएम को तोड़कर पैसे चोरी करने की कोशिश का मामला सामना आया है। चोरों ने मशीन के ऊपर के हिस्से को तोड़ दिया लेकिन नीचे वाले हिस्से को तोड़ नहीं पाई। सूचना पाकर सेक्टर-19 पुलिस चौकी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मनीमाजरा निवासी प्रवेश कुमार ने दी शिकायत में बताया कि गांव अभयपुर स्थित एक दुकान में हिताची कंपनी का एटीएम लगा हुआ है। यह करीब तीन साल पहले कंपनी ने लगाया था। शिकायतकर्ता के पास एटीएम की देखरेख की जिम्मेवारी है। शिकायतकर्ता एटीएम में समय समय पर पैसे डालता रहता है।
कंपनी की तरफ से शिकायतकर्ता को कमीशन मिलता है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे शिकायतकर्ता को सूचना मिली कि एटीएम तोड़कर चोरी करने की कोशिश की गई है। इसके बाद शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचा और अंदर जाकर देखा तो एटीएम की तार, लॉक, मशीन का गेट टूटा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।