छात्र सीखेंगे रोबोटिक्स, ड्रोन और एआई तकनीक, शिक्षकों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले के सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थी पारंपरिक पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक की भी जानकारी हासिल करेंगे। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी तकनीकों से जोड़ने की दिशा में पहल शुरू की है। इसके तहत सरकारी स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जाएंगी।
नवाचार और विज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इन लैब के सफल संचालन के लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि 26 से 30 मई तक पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और पीएमश्री स्कूलों के मुखिया भाग लेंगे। इसके बाद गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-20, सेक्टर-12ए, गवर्नमेंट संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल रायपुररानी, मोरनी और रामगढ़ में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जाएंगी।