संवाद न्यूज एजेंसी
खडूर साहिब। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने थाना सरहाली कलां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह को दस हजार रुपये रिश्वत लेते काबू किया है। जिसके खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि थाना सरहाली कलां के निवासी किसान हरप्रीत सिंह के खिलाफ जमीनी विवाद के चलते केस दर्ज किया गया था। जिसमें हरप्रीत सिंह ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट से अपनी आगामी जमानत मंजूर करवा ली।
हाईकोर्ट के आदेश थे कि वह एक सप्ताह के भीतर वह पुलिस की जांच में शामिल हों। शिकायतकर्ता हरप्रीत सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर वह शामिल होने के लिए ड्यूटी अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह समक्ष पेश हुआ। हरजीत सिंह ने हाईकोर्ट के आदेश की परवाह न करते हुए किसान से 20 हजार की रिश्वत मांगी। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने इंस्पेक्टर शरनजीत सिंह की अगुवाई में रिश्वत लेते एएसआई हरजीत सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।