चंडीगढ़। आजादी का अमृत महोत्सव की शृंखला में हरियाणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष में वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार (2021-22) के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में वरिष्ठ नागरिकों व संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पुरस्कारों के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिक या संस्था अपनी उपलब्धियों के विवरण व प्रमाण पत्रों के साथ विभाग के पोर्टल 7 फरवरी सायं 5 बजे तक अपना आवेदन कर सकते हैं।
वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार के तहत शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता पुरस्कार, शौर्य और बहादुरी पुरस्कार, आजीवन उपलब्धि पुरस्कार, वरिष्ठ पेंटर पुरस्कार, वरिष्ठ मूर्तिकला पुरस्कार, वरिष्ठ अभ्यासरत संगीतकार या गायक पुरस्कार, वरिष्ठ नृत्य अभ्यासरत पुरस्कार और वरिष्ठ अभ्यासरत खिलाड़ी पुरस्कार के लिए प्रथम विजेता को 50 हजार रुपये, द्वितीय विजेता को 30 हजार रुपये और तृतीय विजेता को 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।