पंचकूला। कोरोना मरीजों की मदद के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में कोविड-19 हेल्प लाइन नंबर 9041344828 का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद कोरोना से संबंधित सहायता प्राप्त करने के लिए इस नंबर पर फोन कर सकते हैं।
ज्ञानचंद गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि ऐसे व्यक्ति जिनके शरीर में प्लाज्मा बन चुका है, वे आगे आएं और अन्य पीड़ितों का जीवन बचाने के लिए प्लाज्मा डोनेट करें। यह हेल्प लाइन भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की द्वारा संचालित की जाएगी। इस मौके पर गुप्ता ने अस्पताल में आए लोगों को मास्क और सैनिटाइजर भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि मास्क का प्रयोग ही लोगों को इस महामारी से संक्रमित होने से बचा सकता है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी द्वारा राज्य स्तर पर एक कंट्रोल रूम पंचकूला में स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से सभी 22 जिला केंद्रों पर कोरोना संक्रमितों की सहायता के लिए सभी जरूरी गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के वॉलिंटियर्स ऐसे मरीजों से संपर्क करते हैं, और उनकी सहायता करते हैं। गुप्ता ने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है। इस मौके पर बीजेपी युवा मोर्चा के जिला प्रधान नरेंद्र लुबाना, बीजेपी जिला सचिव सुरेंद्र मनचंदा, पार्षद जय कौशिक, सुरेश वर्मा, प्रवीण गुप्ता, मंडल कोषाध्यक्ष प्रमोद यहां मौजूद रहे।