ऊंट के जरिए जंगल से बाहर निकलवाता था लकड़ी, अब तक 16 आरोपी पकड़े गए
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गांव आसरे वाली में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव आसरे वाली निवासी अली मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी को ऊंट के जरिए जंगल से बाहर निकलवाता था। इसके बाद लकड़ी को अपनी पिकअप गाड़ी में लोड कर आगे सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहा था।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी की पिकअप गाड़ी बरामद करने के साथ-साथ खैर की लकड़ी बेचकर हासिल की गई रकम की भी रिकवरी करेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है और अवैध कटाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। इस मामले में अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।