पंचकूला। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-17 सामुदायिक केंद्र का नाम शेर-ए-पंजाब लाला लाजपत राय के नाम पर रखने की घोषणा की है। शुक्रवार को आयोजित जयंती समारोह में उन्होंने लाला लाजपत राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया। लोगों को संबोधित कर उन्होंने कहा कि पंचकूला के सभी सामुदायिक केंद्रों के नाम शहीदों के नाम पर रखे जाएंगे ताकि आने वाली पीढ़ी भी वीर शहीदों के बलिदानों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि आज हम ऐसे वीर क्रांतिकारी की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में कमान संभाली और उस लड़ाई को एक नया रूप दिया। 28 जनवरी को पंजाब के मोगा में जन्मे लाला लाजपत राय ने साइमन कमिशन का लाहौर पहुंचने पर विरोध किया था। इस कारण वहां उन पर लाठीचार्ज किया गया। इसके कुछ सप्ताह बाद उनका देहांत हो गया था। लाला जी की मौत का बदला भगत सिंह और साथियों ने सांडर्स को गोली मार कर लिया था। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, महामंत्री परमजीत कौर, भाजपा नेता सीबी गोयल, व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रोहित सैन, पार्षद सुनीत सिंगला, सुरेश वर्मा, रितु गोयल, मंडल अध्यक्ष युवराज कौशिक, महामंत्री प्रमोद वत्स, सचिव सुरेंद्र मनचंदा, व्यापार प्रकोष्ठ से बीबी सिंघल, मनोनीत पार्षद राजकुमार जैन, मीडिया सलाहकार नवीन गर्ग सहित ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।