सिलेंडर किल्लत के बीच केरोसिन की घोषणा से बढ़ी चिंता
बीपीएल परिवारों को 3 लीटर तेल देने की तैयारी, महिलाओं ने गैस आपूर्ति दुरुस्त करने की उठाई मांग
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में एलपीजी सिलिंडर की लगातार किल्लत के बीच केरोसिन तेल देने की घोषणा से लोगों, खासकर महिलाओं में चिंता का माहौल है। गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों को वैकल्पिक ईंधन पर निर्भर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिलेंडर बुकिंग के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं हो रही, जिससे परेशानी बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय हालात के असर से आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है और इसका असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखने लगा है।
बीपीएल परिवारों के लिए प्रति परिवार तीन लीटर केरोसिन देने की घोषणा की गई है, लेकिन लोगों का मानना है कि इतनी मात्रा से घरेलू जरूरतें पूरी नहीं हो पाएंगी। उनका कहना है कि केरोसिन के बजाय गैस आपूर्ति को सुचारू करना अधिक जरूरी है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी शिव कुमारी शर्मा ने कहा कि केरोसिन से खाना बनाना कठिन है, इसलिए सरकार को गैस की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करनी चाहिए। राजीव कॉलोनी की उर्मिला ने महंगाई बढ़ने की आशंका जताते हुए कहा कि कम मात्रा में तेल से कोई राहत नहीं मिलेगी।
इसी तरह धर्मपाल मिश्रा ने कहा कि सरकार को वैकल्पिक इंतजाम करने चाहिए, क्योंकि महंगे ईंधन से घर का बजट बिगड़ रहा है। रघुबीर मौर्या ने सुझाव दिया कि इंडक्शन जैसे विकल्पों पर सब्सिडी देकर लोगों को राहत दी जा सकती है।
कोट
बीपीएल परिवारों को तीन लीटर केरोसिन देने की योजना पर काम चल रहा है। जल्द ही वितरण की व्यवस्था बनाई जाएगी।
-सतपाल शर्मा, उपायुक्त, पंचकूला