चंडीगढ़। 1746 में छोटे घल्लूघारा में शहीद हुए करीब 11000 सिख पुरुष व महिलाओं और बच्चों की शहादत को समर्पित जिला हेरिटेज सोसायटी गुरदासपुर द्वारा विशेष शहीदी समागम शुक्रवार को छोटा घल्लूघारा शहीदी स्मारक काहनूवान छम्ब में करवाया गया। समागम में मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने शहीदों को नमन किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर अपने ऐच्छिक कोटे से 5 लाख रुपये की ग्रांट छोटे घल्लूघारे स्मारक को देने का एलान किया। इसके अलावा उन्होंने काहनूवान, तिब्बड़ और तुगलवाल गांवों के सीवरेज और अन्य विकास प्रोजेक्टों को जल्द मंज़ूरी देने का भरोसा भी दिया। छोटा घल्लूघारा शहीदी स्मारक का रख-रखाव बढ़िया तरीके से किए होने के कारण उन्होंने ज़िला प्रशासन की प्रशंसा भी की।
छोटा घल्लूघारा के शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए जिम्पा ने कहा कि 18वीं सदी के बलिदानों से भरे सिख इतिहास पर हमें हमेशा मान रहेगा। इस मौके पर जिम्पा और अन्य प्रमुख शख्सियतों ने घल्लूघारे के शहीदों को समर्पित म्यूजियम की शहादत गैलरी, फतेह बुर्ज और लाइब्रेरी के दर्शन भी किए। जिम्पा ने छोटे घल्लूघारे पर बनी दस्तावेजी फिल्म भी देखी।