चंडीगढ़/अमृतसर। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने तरनतारन की सब-तहसील झबाल में तैनात पटवारी अभीजोत सिंह और तहसीलदार के रीडर गुरविन्दर सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। तरनतारन के गांव सवरगापुरी निवासी अवतार सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि पटवारी और रीडर ने झबाल के तहसीलदार की तरफ से 25 मई 2023 को मुशतरका खाता (सांझे खाते) जमीन के मामले में पास आदेश को एक माह तक अमल में न लाने की एवज में उससे 1 लाख रुपये रिश्वत मांगी है। गुरमेज सिंह और पलविन्दर सिंह ने 2019 में तहसीलदार झबाल के दफ्तर में 68 कनाल सांझे खाते ( मुशतरका खाता) की जमीन के बटवारे के लिए आवेदन दिया था। इस मामले में उसका पक्ष सुने बगैर तहसीलदार ने गुरमेज सिंह और अन्य के हक में फैसला सुना दिया। इसके बाद गुरमेज सिंह ने पटवारी अभीजोत सिंह के साथ मिलीभगत कर 7 कनाल 14 मरले अतिरिक्त भूमि ले ली। जब शिकायतकर्ता ने पटवारी और तहसीलदार के रीडर से संपर्क किया तो उन्होंने आदेश पर एक माह तक अमल न करने के लिए उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने ट्रैप लगा कर इन दोनों को सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए काबू कर लिया। इस संबंध में थाना विजिलेंस ब्यूरो अमृतसर रेंज में दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।