पंचकूला। सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आई 80 वर्षीय महिला से ठगों ने 10 लाख रुपये का लालच देकर 50 हजार से अधिक की ज्वेलरी ठग ली। जब महिला ने नोटों की गड्डी खोली तो उसमें कागज और पत्थर निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे खराब हैं जिससे जांच में मुश्किलें आ रही हैं। पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों का सुराग तलाशने में जुटी है।
चंडीकोटला निवासी सीता देवी ने बताया कि कुछ समय पहले उनकी आंख का ऑपरेशन हुआ था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह सिविल अस्पताल के सीनियर सिटीजन हट में दवा लेने आई थीं। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और बातचीत में उलझाकर अस्पताल की ओर चलने लगा।
रास्ते में उसने महिला को 10 लाख रुपये की नकली नोटों की गड्डी दिखाते हुए कहा कि यह रकम उसके ऑफिस से आई है और अगर वह बदले में अपनी ज्वेलरी दे दें तो वह गड्डी उन्हें दे देगा। पहले तो महिला ने मना किया लेकिन उसकी बातों में आकर उन्होंने सोने की बालियां, एक सोने की अंगूठी और एक चांदी की अंगूठी उसे दे दी।
गड्डी में निकले कागज और पत्थर
कुछ देर बाद जब सीता देवी ने नोटों की गड्डी खोली तो उसमें कागज और पत्थर भरे हुए मिले। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने शोर मचाया और अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ठग की तलाश शुरू कर दी।