पार्टी चार सीटों धूरी, खडूर साहिब, तलवंडी साबो और रामपुरा फूल में से एक पर चुनाव लड़ाने पर कर रही विचार
अभी खडूर साहिब से सांसद हैं अमृतपाल सिंह, डिब्रूगढ़ जेल में हैं बंद
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ धूरी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अमृतपाल ने खुद धूरी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि, अंतिम फैसला अभी पार्टी स्तर पर होना बाकी है।
अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के मुख्य प्रवक्ता शमशेर सिंह पधरी ने बताया कि अमृतपाल आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। वह एक या दो विधानसभा सीटों से भी चुनाव लड़ सकते हैं। सीटों को लेकर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। पार्टी अमृतपाल के लिए धूरी, खडूर साहिब, तलवंडी साबो और रामपुरा फूल सीटों पर विचार कर रही है। धूरी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मुख्यमंत्री मान वर्तमान में इसी सीट से विधायक हैं।
बड़े चेहरों के खिलाफ रणनीति
वारिस पंजाब दे केवल धूरी में ही बड़े चेहरे को चुनौती देने की रणनीति नहीं बना रही है। पार्टी अन्य दलों के प्रमुख नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों में भी अपने चर्चित चेहरों को उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उम्मीदवारों के नामों पर मंथन चल रहा है। पार्टी का मानना है कि बड़े नेताओं के खिलाफ मजबूत चेहरे उतारने से चुनावी मुद्दों और मुकाबले का नैरेटिव प्रदेश स्तर पर बनाया जा सकता है।
छह उम्मीदवारों का एलान
वारिस पंजाब दे अब तक छह विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। बस्सी पठाना से सतवंत सिंह को टिकट दिया गया है। मोगा से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला और अजनाला से दलजीत सिंह कलसी को उम्मीदवार बनाया गया है। दोनों डिब्रूगढ़ जेल में एनएसए के तहत रह चुके हैं। गिल से दर्शन सिंह शिवालिक, कपूरथला से जगजीत सिंह बाबा और कोटकपूरा से रछपाल सिंह सोसन को भी उम्मीदवार घोषित किया गया है। पार्टी ने अप्रैल में अमृतपाल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था।