पंचकूला। पांचवें केशव ताइक्वांडो ओपन कप में अमिता मारवाह एक्टिविटी टीम ने 3 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य जीतकर टीम का नाम रोशन कर दिया। नेहा, प्रियंका और अनामिका ने स्वर्ण पदक जीते हैं। दिव्या, किरण और कनिका ने रजत पदक जीते हैं। प्रिया, आरती और कोमल ने कांस्य पदक जीते हैं। इस प्रतियोगिता में पांच सौ से अधिक बच्चों ने भाग लिया। सहायक कोच आशीष शाहीन की देखरेख में टीम ने भाग लिया। हेड कोच अमिता मारवाह ने लड़कियों की इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने वाली लड़कियों को अवार्ड भी दिया जाएगा। ये सारी लड़कियां गरीब परिवारों से हैं। अमिता मारवाह 2011 से गरीब बच्चों को फ्री ट्रेनिंग दे रही हैं। उनसे प्रशिक्षण लेकर बच्चे देश-विदेश में भी पदक जीत चुके हैं।