स्वास्थ्य विभाग को मिली अप्रूवल, सभी जगह एंबुलेंस पहुंचाने के लिए की जा रही कवायद माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। एनएचएम कर्मचारियाें की ओर से लंबित मांगों को लेकर 13वें दिन हड़ताल के कारण एंबुलेंस चलाने का काम प्रभावित हो रहा है। इसे लेकर अब स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर डेलीवेजेस ड्राइवर रखने के लिए तैयारी कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग काम प्रभावित न हो, इसके लिए अब रोज 815 रुपये में ड्राइवर की नई भर्ती करेगा। जब तक हड़ताल चलेगी, इसे लेकर विभाग की ओर से ड्राइवर रखने की तैयारी की गई है।
पंचकूला में इस समय 23 एबुलेंस चालू हालत में हैं। इसमें एनएचएम चालकों की संख्या 32 हैं। वहीं एचकेआरएनएल के ड्राइवरों की संख्या 23 हैं। प्रत्येक एंबुलेंस के लिए तीन चालक होेने चाहिए, लेकिन चालकों की कमी को देख स्वास्थ्य विभाग की ओर से हरियाणा रोडवेज से चालकों की मांग की थी। लेकिन रोडवेज ने दो अगस्त को चालक देने से मना कर दिया। चालकों की कमी को देख सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की सीएमओ की आरे से चीफ सेक्रेटरी हेल्थ को लेटर भेजा गया। इस पर उन्होंने दस चालकों को 815 रुपये डेलीवेजेज पर भर्ती करने के लिए परमिशन दी है। लगातार ड्राइवरों की कमी को देखते हुए कई बार एंबुलेंस में तैनात कर्मचारी अधिक ड़्यूटी दे रहे हैं। अगर हालात में सुधार नहीं हुआ तो दस ड्राइवराें की भर्ती की जाएगी।
बॉक्स
एंबुलेंस के संचालन में हो रही है दिक्कत
ड्राइवरों की कमी के कारण कालका, पिंजौर, बरवाला, मोरनी और रायपुररानी में कई बार एंबुलेंस देरी से पहुंच रही हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी की गई है। लोगों को आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की दिक्क्त न हो इसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कोट
डेलीवेजेस पर दस ड्राइवरों की भर्ती होनी है। अगर हड़ताल लंबे समय तक चलेगी और ड्राइवर ड्यूटी पर वापस नहीं आए तो ये भर्ती की जाएगी।
डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर -6