12 घंटे ड्यूटी लेने पर की बात आई सामने
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। एनएचएम के तहत कार्यरत एंबुलेंस चालक गुलशन सैनी (57) की हंगोला में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार गुलशन सैनी हंगोला क्षेत्र में एंबुलेंस ड्यूटी पर तैनात थे। शनिवार सुबह वह बेहोशी की हालत में मिले, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने नारायणगढ़ के गांव लगावां में उनका अंतिम संस्कार किया।
तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों में नाराजगी
घटना के बाद एनएचएम कर्मचारियों और एंबुलेंस चालकों में आक्रोश देखने को मिला। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। नाम न छापने की शर्त पर कर्मचारियों ने बताया कि उनसे 12-12 घंटे ड्यूटी ली जा रही है, लेकिन वेतन, नियमितीकरण और इंक्रीमेंट जैसी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।