राजस्थान के अलवर जिले की रामगढ़ नगरपालिका के निर्दलीय पार्षद योगेश शर्मा के कथित अपहरण की शिकायत की जांच के लिए राजस्थान पुलिस पंचकूला पहुंची। परिजनों ने आशंका जताई थी कि योगेश शर्मा, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को कुछ लोग अपने साथ ले गए हैं और पंचकूला के एक रिसॉर्ट में ठहराया गया है। शिकायत में कांग्रेस से जुड़े लोगों पर उन्हें ले जाने का आरोप लगाया गया था। रामगढ़ पुलिस की टीम ने शिवजोत रिसॉर्ट पहुंचकर जांच की, लेकिन वहां योगेश शर्मा नहीं मिले।
रिसॉर्ट में दूसरे पार्षद ठहरे मिले
पुलिस की जांच में रिसॉर्ट में लक्ष्मणगढ़ और राजगढ़ क्षेत्र के भाजपा समर्थित पार्षदों के ठहरने की जानकारी मिली। करीब 60 लोगों की बुकिंग नितिन नाम के ट्रैवल एजेंट के जरिये कराए जाने की बात सामने आई। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का सहायक बताया। पुलिस ने रिसॉर्ट में उपलब्ध रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली।