रायपुररानी। जिले की सबसे प्रतिष्ठित विज्ञान संगोष्ठी में गंभीर गड़बड़ी और बड़े पैमाने पर पक्षपात का मामला सामने आया है। रायपुररानी की प्रतिभागी अविका गोयल और उनके पिता सुनील गोयल ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि जिला पंचकूला की विज्ञान प्रतियोगिता में नियमों का खुला उल्लंघन हुआ और निजी स्कूलों के छात्रों को अनुचित लाभ दिया गया। जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त को सोलिटेयर इंटरनेशनल स्कूल पंचकूला में आयोजित इस प्रतियोगिता में नियमों का उल्लंघन हुआ। नियमानुसार, प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति 5-6 मिनट में पूरी करनी थी, लेकिन निजी स्कूलों के छात्रों ने इस सीमा को पार किया और अतिरिक्त पीपीटी स्लाइड्स का भी इस्तेमाल किया। बावजूद इसके, उन्हें बिना किसी दिक्कत के दूसरी और तीसरी पोजीशन पर स्थान दे दिया गया।