पंजाब के शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने सुझाव दिया है कि आपदा प्रबंधन एक्ट, 2005 के अधीन सरकारी, निजी और न्यूज समेत सभी टेलिविजन चैनलों को निर्देश दिए जाएं कि वह शिक्षा लेक्चरों के प्रसारण के लिए विभिन्न राज्य सरकारों को रोजाना दो घंटे का मुफ़्त टाइम स्लाट मुहैया करवाएं। सिंगला ने यह सुझाव बुधवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और कम्यूनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिकस एवं सूचना प्रौद्यौगिकी और कानून एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद के साथ वीडियो कांफ्रेंस के दौरान दिया।
सिंगला ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान पढ़ाई के हो रहे नुकसान की भरपाई समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश में डिजाजस्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 लागू होने के कारण केंद्र सरकार के पास सभी अधिकार आरक्षित हैं, इसलिए विद्यार्थियों की पढ़ाई के नुकसान को देखते हुए सभी टीवी चैनलों को लाजिमी मुफ़्त टाइम स्लाट चलाने के लिए कहा जाए।
पंजाब को दूरदर्शन से चार चैनल मिलें
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभिन्न कक्षाओं के लेक्चर प्रसारित करने के लिए पंजाब को दूरदर्शन के कम से कम चार समर्पित चैनल मिलने चाहिए। इन चैनलों पर रोजाना के छह घंटों के समय के अलावा दोबारा प्रसारण के लिए इतना ही और समय मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि विभिन्न कक्षाओं के लेक्चर प्रसारित करने के लिए शिक्षा विभाग ने टीवी चैनल मुहैया करवाने के बारे में दूरदर्शन को लिखा था लेकिन अभी तक इसका कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।