पंचकूला। सेवा पखवाड़ा के तहत पंचकूला पुलिस ने शनिवार को सेक्टर-1 स्थित पीजी कॉलेज में राज्यस्तरीय साइबर जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं जबकि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा और मेजर विनीत कुमार विशेष अतिथि रहे। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध से निपटने के लिए मिशन मोड में काम किया है। आज शिक्षा, व्यापार, संवाद और शासन सभी क्षेत्र डिजिटल हो चुके हैं जिससे साइबर अपराधों की चुनौतियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि डीजीपी हरियाणा शत्रुजीत कपूर के नेतृत्व में राज्य में साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस कमिश्नर एवं आईजी साइबर हरियाणा (अतिरिक्त कार्यभार) शिवास कविराज द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत कर की गई। इसके बाद सांसद रेखा शर्मा ने साइबर अवेयरनेस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा ही असली सुरक्षा है।
छात्रों ने पेश किए जागरूकता संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा पर शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। नुक्कड़ नाटक साइबर क्राइम से आजाद का मंचन किया गया। इसमें केवाईसी अपडेट, हनीट्रैप और डिजिटल अरेस्ट जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही साइबर क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। क्विज में गौरव प्रथम, अक्षय द्वितीय और मीनू तृतीय रहे, जबकि पोस्टर मेकिंग में शिवानी राणा ने पहला, देवयांशी ने दूसरा और हरप्रीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक टीम को भी सम्मानित किया गया।