सेक्टर 15 के डिवाइडिंग रोड के किनारे प्रूनिंग के बाद फुटपाथ पर पड़ी शाखाएं।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। शहर में एक तरफ जहां विधानसभा चुनाव का शोर है, वहीं दूसरी तरफ स्वच्छता अभियान धीमा पड़ता नजर आ रहा है। दरअसल, शहर की सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की प्रूनिंग तो कर दी गई लेकिन इसके बाद गिरे पत्तों और टहनियों को कर्मचारी सड़क किनारे ही छोड़ गए। न तो प्रूनिंग करने वालों ने ही उस वेस्ट को उठाया और न ही नगर निगम के किन्हीं अन्य कर्मचारियों ने वहां सफाई की।
जिन जगहों पर पेड़ों की प्रूनिंग की गई, उनमें सेक्टर-5, 9, 15 और सेक्टर-16 शामिल हैं। यहां सड़क किनारे सभी पेड़ों की प्रूनिंग तो कर दी गई, लेकिन वेस्ट का ढेर हर पेड़ की जड़ में रखकर कर्मचारी वहां से निकल गए।
ऐसा नहीं है कि यह पहला मौका हो, जब ऐसा किया गया। इससे पहले भी कई बार प्रूनिंग के बाद पत्तों व टहनियों के ढेर को सड़क किनारे ही छोड़ दिया जाता है। केवल पेड़ों की प्रूनिंग का वेस्ट ही नहीं, बल्कि सेक्टरों को विभाजित करने वाले डिवाइडर पर लगी बाड़ की प्रूनिंग के वेस्ट को भी कर्मचारी सड़क पर गिराकर निकल लेते हैं। इससे सड़क पर तो पत्ते व टहनियां यहां-वहां बिखरते हैं, वहीं गंदगी के ढेर से वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। तय प्लानिंग के तहत कार्य नहीं होने से अकसर आमजन स्वच्छता अभियान पर सवाल खड़े करते नजर आए हैं।