पुलिस मामले में कार्रवाई कारती हुई। संवाद
पंचकूला। पिंजाैर में पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद शव को कार में डालकर दो घंटे पिंजाैर से पंचकूला लेकर घूमता रहा। परिवारवालों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचकूला सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल के शव गृह पहुंचे लड़की के चचेरे भाई अंकित शर्मा ने बताया कि 29 जनवरी की रात 8:30 बजे तनु और उसके पति के बीच झगड़ा हुआ था। यह बात तनु ने अपनी माता नीलम को बताई थी। उसने बताया कि प्राॅपर्टी नाम कराने के लिए झगड़ा किया जा रहा है। इस बात के दो घंटे बाद मां के नंबर पर कपिल ने फोन कर बताया कि तुम्हारी बेटी की हत्या कर दी है। पुलिस लकर पंचकूला जिला अस्पताल आ जाओ, मैं यही पर हूं।
सूचना मिलने पर सीआईए और क्राइम ब्रांच की टीम सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल पहुंचीं। एसएचओ रूपेश चौधरी ने बताया कि आरोपी कपिल की नाै माह पहले ही अंबाला कैंट के प्रीतमपुरम निवासी तनु से शादी हुई थी। शादी के नौ महीने में ही पति-पत्नी के बीच कई बार झगड़ा हो चुका था। परिजनों से मिली शिकायत के आधार आरोपी कपिल शर्मा, सास ममता शर्मा, ससुर रविंद्र और देवर सचिन शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमाॅर्टम के बाद परिवारवालों को साैंप दिया है। नीलम शर्मा की शिकायत पर चारों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद पति, सास-ससुर और देवर फरार हैं।
बेल्ट से घोंटा गला, सिर दीवार पर मारा
पिंजौर थाना प्रभारी रूपेश चौधरी ने बताया कि महिला के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। ऐसा लग रहा है कि सिर को दीवार पर मारा गया हो। साथ ही सिर पर बोतल से भी हमला किया गया था। इसके अलावा बेल्ट से गला दबाकर हत्या करने की भी कोशिश की गई है। आरोपी के घर पर जांच के दाैरान कांच के टुकड़े भी मिले हैं। पुलिस की मानें तो उसने शराब पीने के बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण सिर पर चोट लगना व गला दबाने से माैत होना पाया गया है।