माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जनवरी 2025 सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इग्नू के विभिन्न सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, स्नातक तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है। दाखिले की अंतिम तिथि 31 जनवरी है।
इग्नू सेंटर सेक्टर -1 पीजी कॉलेज सेंटर समन्वयक प्रोफेसर रोहताश गोदारा ने बताया कि इग्नू का उद्देश्य विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन करके उनके लिए उत्थान के समान अवसर उपलब्ध करवाना है। यूनिवर्सिटी रिमोट एरिया, गांव देहात के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि यूजीसी-डीईबी ने सभी ओपन और डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए एक नई प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है।
यूजीसी-डीईबी सार्वजनिक सूचना के अनुसार अब प्रत्येक शिक्षार्थी (अंतर्राष्ट्रीय शिक्षार्थियों को छोड़कर) के लिए किसी भी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) या ऑनलाइन पाठ्यक्रम में नामांकन से पहले अपनी एबीसी आईडी का उपयोग करके डीईबी-आईडी बनाना अनिवार्य है।
इच्छुक शिक्षार्थी यूजीसी-डीईबी वेब पोर्टल https://deb.ugc.ac.in/StudentDeBID पर जाकर अपने अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट आईडी का उपयोग करके डीईबी-आईडी जनरेट करें।
बॉक्स
शिक्षार्थी के जीवन काल में वैध रहेगी डीईबी-आईडी
इग्नू सेंटर सेक्टर-1 पीजी कॉलेज सेंटर समन्वयक प्रोफेसर रोहताश गोदारा ने बताया कि यदि शिक्षार्थी के पास एबीसी आईडी नहीं है तो वह डिजीलॉकर के माध्यम से आईडी बना सकते हैं। इसके अलावा www.abc.gov.in पर जाकर भी अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड या अपार आईडी से अपनी एबीसी आईडी बना सकते हैं। डीईबी आईडी एक बार जनरेट होने के बाद फिर शिक्षार्थी के पूरे जीवन काल तक वैध रहेगी। वैध डीईबी-आईडी के बिना, ओडीएल या ओएल कार्यक्रमों में प्रवेश ले पाना संभव नहीं है।
ऑनलाइन दाखिले के लिए अपलोड करने होंगे दस्तावेज
इग्नू में दाखिला लेने के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाएं और होमपेज पर दिए गए फ्रेश एडमिशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद डीईबी-आईडी व अपना व्यक्तिगत विवरण जैसे ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर आदि डालें तथा मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें। दाखिला प्रक्रिया में उम्मीदवार द्वारा दर्ज किया गया नाम और अन्य विवरण शैक्षिक दस्तावेजों के सामान होना चाहिए।