दुकानों के सामने रेहड़ी-फड़ी मिलने पर दुकानदार भी होंगे जिम्मेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर मार्केटों में बढ़ते अतिक्रमण, अवैध रेहड़ी-फड़ी और पार्किंग अव्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने चेतावनी दी है कि 10 दिन बाद किसी दुकान या शोरूम के सामने अवैध रेहड़ी-फड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को मार्केट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उपायुक्त ने बताया कि एचएसवीपी, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम जल्द अभियान चलाएगी। निर्धारित सीमा से अधिक रखा गया सामान जब्त किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
बैठक में सेक्टर-20 मार्केट में बाहरी कंपनियों के कर्मचारियों की पार्किंग और स्कूलों के बाहर बसों से लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। उपायुक्त ने पुलिस को चालान कार्रवाई और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में शौचालयों की मरम्मत सहित अन्य सुविधाएं बेहतर करने की बात भी कही।