संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। जिले की मंडियों का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लेने के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमित मिश्रा ने शनिवार को अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने उठान कार्य में तेजी लाने के साथ मंडी में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले की तीन मंडियों पंचकूला, बरवाला और रायपुररानी में धान की खरीद की जा रही है। अब तक किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं आई है।
इसके अलावा जिले में 35 राइस मील हैं। अब तक जिले की विभिन्न मंडियों में 24000 टन धान की खरीद की जा चुकी है। 32500 टन की आवक हो चुकी है। इसमें से 5500 टन धान का उठान सुनिश्चित किया जा चुका है। गत वर्ष के दौरान 93 हजार टन धान की खरीद हुई थी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा धान की खरीद के बाद 72 घंटे के अंदर निर्धारित मूल्य किसानों को दिया जा रहा है। किसानों के लिए पर्याप्त पानी, भोजन आदि सभी सुविधाएं मुहैया करवाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर उनके साथ उपायुक्त डॉ. यश गर्ग, संयुक्त सचिव बीबी कौशिक, डीडी एससी नीतीश सिंगला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।