पंचकला। सेक्टर 3 देवी नगर पीरबाबा के पास तीन युवकों द्वारा डरा धमकाकर कार लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार मालिक की शिकायत पर सेक्टर - 7 थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर - 20 के राजकुमार ने तीन युवकों के खिलाफ कार लूटने की शिकायत दी है। शिकायत में उसने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में काम करता है। मई के अंतिम सप्ताह में क्रिकेट सट्टेबाजी में वह 7.20 लाख रुपये हार गया था। उसे पंजाब के गोविंदगढ़ निवासी कपिल हांडा के 7.20 लाख रुपये वापस करने थे। 27 मई को कपिल हांडा अपने दो दोस्तों के साथ पंचकूला अदालत में आया। वहां पर 8 लाख रुपये देने के लिए शिकायतकर्ता ने शपथ पत्र तैयार करवाया। इसके बाद शिकायतकर्ता अपने घर की तरफ जाने लगा। कपिल हांडा और उसके दो दोस्त उसकी गाड़ी का पीछा करने लगे। सेक्टर 3 देवीनगर पीरबाबा के पास इन लोगों ने उसे रोक लिया। कपिल अपने दोस्तों के साथ उसकी कार में जा घुसा। उसने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर गाली गलौच की। डरा धमकाकर शिकायतकर्ता का साइन स्टांप पेपर पर करवा लिया। इसमें शिकायतकर्ता द्वारा गाड़ी बेचे जाने का जिक्र किया गया था। यहां तक कि शिकायतकर्ता के पर्स में रखे करीब 12 हजार रुपये और उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उसको गाड़ी से बाहर धकेलकर आरोपी फरार हो गए।