आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में शामिल रह चुका है
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने चंडीमंदिर थाना क्षेत्र से 1 किलो 236 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी राजनबीर सिंह (अमृतसर) को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। आरोपी ट्राइसिटी क्षेत्र में इसे सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और चंडीमंदिर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया गया। तलाशी के दौरान हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह खेप बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चंडीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि हेरोइन किस व्यक्ति या गिरोह से ली गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की पहचान भी की जा रही है।