शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर ठगी, आरोपी 6 दिन के पुलिस रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेेंसी
पंचकूला। शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर 1.75 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने अहमदाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो गिरोह में मीडिएटर की भूमिका निभा रहा था।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एसआई भूप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी मयूर को काबू किया। इस मामले में अब तक 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी चेक और बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को हवाला के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता था और मुख्य आरोपियों तक पैसे ट्रांसफर कराने की अहम कड़ी था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस दौरान गिरोह के नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ता था और नकली ऐप के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करता था। डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने लोगों से अपील की कि अनजान लिंक, फर्जी ऐप और संदिग्ध निवेश ऑफर से सावधान रहें तथा साइबर ठगी की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर दें।