पंचकूला। क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 टीम ने मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता तुफानी चौहान निवासी अभयपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 पंचकूला ने थाना सेक्टर-20 में शिकायत दी थी कि 11 फरवरी को वह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित शराब ठेके के पीछे बैठकर अपने मोबाइल फोन पर मैच देख रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उसका मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-20 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा निवासी जीरकपुर को विकास नगर नाका के पास से काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।