वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने सस्ता सामान दिलवाने का लालच देकर मोबाइल और नकदी छीनने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सिर्फ दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया। एमडीसी थाना पुलिस ने चंडीमंदिर लाइटों के पास से आरोपी को दबोचते हुए पीड़ित का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर ली। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जबकि उसका साथी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीयूष उर्फ इशू, निवासी शिमला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शिमला निवासी एक व्यक्ति बुधवार को किसी काम से चंडीगढ़ आया हुआ था। मनीमाजरा में सामान खरीदते समय उसके पास दो युवक पहुंचे और खुद को शिमला का निवासी बताते हुए उससे बातचीत कर उसका भरोसा जीत लिया। दोनों ने पीड़ित को सस्ता सामान दिलवाने का झांसा देकर अपनी कार में बैठा लिया।
आरोपी पीड़ित को बहला-फुसलाकर सकेतड़ी के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए जहां दोनों ने उसका मोबाइल और करीब 3 हजार रुपये नकदी जबरन छीन ली। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को सड़क किनारे उतारकर वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलते ही स्नैचिंग का केस दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। सब-इंस्पेक्टर यादवेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी पीयूष उर्फ इशू को चंडीमंदिर से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि दूसरा आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।