पंचकूला। दिल्ली से बाइक पर ट्राईसिटी आकर किराये के फ्लैट में ठहरने और सुनसान या भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्नैचिंग करने वाले आरोपी को क्राइम ब्रांच-2 ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के मंडोली निवासी विक्की (46) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह पंचकूला के अलावा चंडीगढ़, मोहाली और खरड़ में करीब 60 स्नैचिंग की वारदात कर चुका है। आरोपी करीब छह महीने पहले जेल से सजा पूरी कर बाहर आया था और इसके बाद दोबारा वारदातें शुरू कर दीं। पुलिस के मुताबिक विक्की दिल्ली से बाइक लेकर डेराबस्सी पहुंचता था और यहां फ्लैट किराये पर लेकर कुछ समय रहता था। बाइक से रेकी करने के बाद स्नैचिंग करता और वारदात के बाद बाइक से ही दिल्ली लौट जाता था। हाल ही में उसने छह स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया है।
रूट और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
क्राइम ब्रांच ने लगातार हो रही स्नैचिंग की जांच के दौरान आरोपी के आने-जाने के रूट खंगाले और अलग-अलग स्थानों की सीसीटीवी फुटेज जुटाई। फुटेज से उसकी पहचान होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ट्राईसिटी की अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदातों में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
अकेला रहता था आरोपी
आरोपी के परिवार के सदस्य उसके साथ नहीं रहते और वह अकेला रहता था। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में कई और स्नैचिंग की वारदातें सुलझ सकती हैं। पुलिस उसे शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड लेगी। बाइक और वारदात में इस्तेमाल अन्य सामान के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।