सिंचाई विभाग के फाइल स्थानांतरण में 50 हजार की मांग पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए रिश्वत मांगने के मामले में आरोपी चालक विजय (एचकेआरएन), सिंचाई विभाग, पंचकूला के खिलाफ न्यायालय में चालान (चार्जशीट) पेश किया।
जांच के दौरान पाया गया कि नहरी आउटलेट के स्थानांतरण से संबंधित लंबित फाइल को आगे बढ़वाने के एवज में आरोपी ने 50 हजार रुपये नकद रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की पंचकूला इकाई ने मामले की गहन जांच की, जिसमें आरोप सिद्ध पाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जिससे अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी चेतावनी मिले कि रिश्वत लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।