चंडीगढ़। पंजाबी गायक और फरीदकोट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हंसराज हंस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को शिकायत दी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि हंस राज हंस ने किसानों के खिलाफ विवादित बयान दिया है। आप ने इस मामले में उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। आप ने अपनी शिकायत में कहा है कि वायरल वीडियो में फरीदकोट से भाजपा उम्मीदवार किसानों को धमका रहे हैं। साथ ही वह नफरत भरी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। उनके इस तरह के बयान से राज्य में माहौल खराब होने के आसार हैं। वह एक सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।